सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने मिलकर की नदी घाट की सफाई
कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत आज हसदेव-सर्वमंगला नदी घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम, जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने नदी घाट और उसके आसपास फैले कचरे एवं गंदगी को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया।

हसदेव-सर्वमंगला नदी घाट कोरबा के महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष भोजली विसर्जन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित होती हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल की स्वच्छता को लेकर चलाया गया यह अभियान नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की भावना को मजबूत करने वाला रहा।

खुद जागने और खुद आगे बढ़ने का कार्यक्रम है सेवा मेरा योगदान
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ केवल सफाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि खुद जागने और खुद आगे बढ़ने का अभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिदिन केवल 15 मिनट भी स्वच्छता के लिए देता है, तो कोरबा स्वच्छता के क्षेत्र में बहुत आगे बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता के मूल भाव को सरल शब्दों में समझाया था कि हर वस्तु को उसके उचित स्थान पर रखना ही स्वच्छता की भावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिए जाने के बाद देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। आज शासकीय कार्यालयों से लेकर रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों तक स्वच्छता दिखाई देती है, जो जनजागरूकता का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि नदी घाट क्षेत्र में रैलिंग एवं घाट विकास के लिए डीएमएफ से 48 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। आने वाले समय में पीपीपी सहयोग से भी क्षेत्र के विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के 11 नालों के पानी को एसटीपी के माध्यम से उपचारित कर स्वच्छ जल के रूप में परिवर्तित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
निगमायुक्त ने नागरिकों से आह्वान किया कि पेड़ लगाएं, पानी बचाएं और स्वच्छता अपनाएं। प्रत्येक नागरिक यदि अपने स्तर पर प्रतिदिन थोड़ा-थोड़ा योगदान करे, तो कोरबा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना संभव है।
स्वच्छता को अपनाना ही स्वस्थ समाज की पहली आवश्यकता
एमआईसी सदस्य एवं पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण आवश्यक है और इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जनजागृति अब समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बन चुकी है।
नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ उन लोगों और क्षेत्रों तक पहुंचना है, जहां सहयोग और संवेदनशीलता की आवश्यकता है। स्वच्छता के साथ रक्तदान सहित अन्य जनसेवा के कार्यों में भी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें अपने संकोच और सुविधा के दायरे से बाहर निकलकर सेवा कार्यों में आगे आना होगा और स्वच्छता की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाना होगा।
स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ‘स्वच्छता दीदियों’ का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली उमा पटेल, सरिता मसीह, राजकुमारी पटेल, मीना वर्मा एवं मधु साहू को स्वच्छता किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ लेकर अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, श्रीमती मीना शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान में सहभागिता के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
MINAKSHI TIMES newsroom journalist profile.
बालको में सुरक्षा संस्कृति को मिला नया बल, पांच वर्षों में 27,000 से अधिक लोगों को सुरक्षा प्रशिक्षण
गणेश उत्सव पर कोरबा पुलिस का ऑपरेशन आघात, 10 दिन में 407 बदमाशों पर कार्रवाई
थाना सिटी कोतवाली के नवीन भवन का लोकार्पण एवं ई-मालखाना का उद्घाटन
परिवहन विभाग की सक्रियता, नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना , 10 वाहनों से वसूला गया 22,300 रुपए
कोरबा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ब्लड डोनेशन वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना , रक्तदान को मिलेगा नया विस्तार, जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपलब्ध होगा सुरक्षित रक्त
एल्युमिनियम, ऊर्जा को दूर-दूर तक पहुँचाने वाली धातु
टिप्पणियाँ